BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

हुसैनाबाद में चर्चित छोटू सिंह हत्याकांड में पिता ने 10 नामजद पर लगाया साजिश रचकर हत्या का आरोप


हुसैनाबाद: कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद, पलामू :हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरन्दर बिगहा में 2 सितंबर की रात करीब 8: 30 बजे गोली मारकर हुई ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के पिता भुवनेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ भूलन सिंह ने हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर 10 लोगों को नामजद करते हुए पूर्व नियोजित साजिश के तहत हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने अपने पूरे परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
   थाना में दिए आवेदन के मुताबिक, छोटू सिंह 2 सितंबर की रात घर का सामान लेने बाजार गया था। इसी दौरान मनीष यादव ने उसकी गाड़ी रुकवाकर बातचीत करने की बात कही। आरोप है कि बाद में साकेत पाठक भी उसकी गाड़ी में सवार हो गया और उसे पुरन्दर बिगहा की ओर ले जाया गया। पिता का आरोप है कि इस दौरान चार मोटरसाइकिलों से उसकी गाड़ी का पीछा किया जा रहा था और लगातार रेकी की जा रही थी।
      आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पुरन्दर बिगहा पहुंचने के बाद साकेत पाठक ने छोटू सिंह के पेट में गोली मारी। इसके बाद मनीष यादव ने उसकी कनपटी में गोली मार दी। घायल छोटू ने भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोप के अनुसार इशू प्रताप सिंह उर्फ भिन्डी सिंह ने उसकी कनपटी में फिर गोली मार दी। पिता ने आगे आरोप लगाया है कि युवक के गिरने के बाद निखिल सिंह और नीतीश तिवारी ने भी गोली चलाई, जबकि अन्य आरोपियों ने हवाई फायरिंग की।
     मृतक के पिता ने आवेदन में साकेत पाठक, इशू प्रताप सिंह उर्फ भिन्डी सिंह, मनीष यादव, निखिल सिंह, सिटु सिंह, सुधीर पाठक, नीतीश तिवारी, सौरभ पाठक, रवि सिंह और पीयूष कुमार को नामजद किया है। आरोप है कि वारदात के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए दंगवार रोड की ओर फरार हो गए।हत्याकांड के बाद मृतक के परिवार में दहशत का माहौल है। पिता ने आशंका जताई है कि आरोपियों अथवा उनके सहयोगियों की ओर से परिवार के किसी सदस्य को दोबारा निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से पूरे परिवार को तत्काल सुरक्षा देने, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहन जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
    आवेदन में कुछ अज्ञात लोगों के भी साजिश में शामिल होने की आशंका जताई गई है। पिता का कहना है कि जांच के दौरान यदि साजिश में शामिल अन्य लोगों की जानकारी सामने आती है, तो इसकी सूचना पुलिस को दी जाएगी।पुलिस अब आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच और हत्याकांड की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। नामजद आरोपियों पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।