BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लक्ष्मी नारायण तिवारी ने ‘चलो गांव की ओर’ कार्यक्रम में भंडरिया के गांवों का किया भ्रमण, ग्रामीणों ने गिनाईं समस्याएं


बांध टूटने से किसानों की फसल बर्बाद, जर्जर सड़क, शिक्षकों की कमी और पुल निर्माण की मांग ने खींचा ध्यान


भंडरिया : कांग्रेस के ‘चलो गांव की ओर’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को भंडरिया प्रखंड के सिकरिया, बिंदा, लिधकी, नगनाहा, परो समेत विभिन्न गांवों का भ्रमण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्याप्त कई गंभीर समस्याओं से अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि भैसादोहर बांध अतिवृष्टि के कारण टूट गया है, जिसके कारण दर्जनों किसानों के खेतों में लगी धान की फसल पानी में बह गई। ग्रामीणों का कहना था कि यदि तत्काल बांध की मरम्मत नहीं कराई गई तो प्रभावित किसानों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
वहीं, बिंदा गांव के चारमुहान से सफी नाला तक जाने वाला रास्ता पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
बिंदा गांव में आठवीं कक्षा तक विद्यालय संचालित है, लेकिन यहां मात्र दो शिक्षक पदस्थापित हैं। ग्रामीणों ने शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि शिक्षक कम होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इसी तरह लिधकी गांव में डुमरनाला बांध भी अतिवृष्टि के कारण टूट गया है। ग्रामीणों के अनुसार बांध के टूटने से करीब दो दर्जन किसानों की खेती प्रभावित हुई है। बांध की जल्द मरम्मत नहीं होने पर किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा होने की आशंका जताई गई।
ग्रामीणों ने सतही पर पुल निर्माण की मांग भी रखी। उनका कहना था कि पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में इस पार से उस पार आने-जाने में काफी कठिनाई होती है। वहीं, परो गांव के चौक पर पेयजल की व्यवस्था नहीं होने की समस्या भी ग्रामीणों ने प्रमुखता से उठाई।
भ्रमण के दौरान देवराज सिंह, ज्ञान सिंह, दिनेश सिंह, बालकुमार सिंह, रामधारी सिंह, जयप्रकाश लकड़ा, बिनय कुजूर, जीतभवन सिंह, ध्यान सिंह, हरदयाल सिंह, सुरेश सिंह, चमरू सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अमरेश कुमार पाण्डेय भी साथ रहे।
श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर प्रहलाद तिवारी को दी श्रद्धांजलि
गांवों के भ्रमण के बाद कांग्रेस के लंबे समय तक प्रखंड अध्यक्ष रहे प्रहलाद तिवारी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई तथा उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया गया।