लंबित कांडों, वारंट-कुर्की और अनुसंधान की एसपी ने की समीक्षा, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए जरूरी निर्देश
पलामू :पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने हैदरनगर थाना का विस्तृत निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और लंबित मामलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों से विभिन्न मामलों की जानकारी ली तथा अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने थाना में दर्ज लंबित कांडों, अनुसंधान की स्थिति, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सहित अन्य पुलिसिंग गतिविधियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अपराधियों पर रखें पैनी नजर, आम लोगों में बढ़ाएं सुरक्षा का भरोसा
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा। उन्होंने फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, पुलिसकर्मियों की व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ ड्यूटी करने तथा आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस दौरान हैदरनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। एसपी के निरीक्षण को थाना की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने तथा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






