शिक्षक दिवस पर गुरुजनों को समर्पित रक्तदान करेंगे पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला एवं श्रीमती संजू शुक्ला।
शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं श्रद्धा व्यक्त करने के उद्देश्य से पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती संजू शुक्ला शनिवार, 05 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे ब्लड बैंक, मेदिनीनगर में रक्तदान करेंगे। पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि आज हम सब जीवन में जो भी हैं, उसमें हमारे गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान है। गुरु हमें केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने, सही एवं गलत का अंतर समझने तथा अच्छे संस्कारों के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि “मेरे लिए शिक्षक दिवस एक दिन नहीं, बल्कि अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। मेरे पिता जी भी एक शिक्षक रहे हैं, इसलिए शिक्षक और गुरु का सम्मान मेरे संस्कारों में है। आज हम जो कुछ भी हैं, उसमें हमारे गुरुजनों के साथ-साथ माता-पिता का भी अमूल्य योगदान है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर रक्तदान कर वे अपने गुरुजनों को एक अनूठी श्रद्धा एवं सम्मान अर्पित करना चाहते हैं। रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने से बड़ा मानव सेवा का कार्य कोई नहीं हो सकता। श्रीमती संजू शुक्ला ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचा सकता है।
पूर्व सैनिक दंपती ने शिक्षक दिवस पर “गुरु सम्मान के साथ मानव सेवा” का संदेश देते हुए समाज के लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने एवं इस पुनीत कार्य में भाग लेने की अपील की।






