BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

शिक्षकों के सम्मान से बढ़ता है शिक्षा का गौरव : अविनाश देव


*संत मरियम स्कूल में शिक्षक दिवस सह सम्मान समारोह का आयोजन*

*मेदिनीनगर।* स्थानीय होटल शिवाय ब्लू में संत मरियम स्कूल की ओर से शिक्षक दिवस सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और केक काटकर की गई। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में संगीत, कविता पाठ और भाषण प्रस्तुत कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने सभी शिक्षकों को ‘प्राइड ऑफ संत मरियम’ का पट्टा ओढ़ाकर, कलम और गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। वहीं, प्राचार्य कुमार आदर्श की ओर से सभी शिक्षकों को पौधा और उपहार भेंट किया गया।

शिक्षकों को संबोधित करते हुए चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि शिक्षक किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव होते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र, संस्कार, सोच और भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। एक शिक्षक की वास्तविक सफलता केवल विद्यार्थियों के अच्छे अंक में नहीं, बल्कि उनके जीवन में अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी विकसित करने में है। उन्होंने कहा कि संत मरियम स्कूल के शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य कर रहे हैं और यही विद्यालय की सबसे बड़ी ताकत है। शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और उस उज्ज्वल भविष्य का सम्मान है, जिसे शिक्षक आने वाली पीढ़ी के हाथों में सौंपते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर शिक्षकों को पौधा भेंट करने के भाव को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया। पौधा केवल एक उपहार नहीं, बल्कि विकास, धैर्य, संरक्षण और भविष्य की जिम्मेदारी का प्रतीक है। जिस प्रकार एक पौधे को निरंतर देखभाल, प्रेम और धैर्य से सींचने पर वह एक विशाल वृक्ष का रूप लेता है, उसी प्रकार शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के जीवन को संवारते हैं। इस पहल के माध्यम से शिक्षकों के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ी के लिए हरित भविष्य का संदेश भी दिया गया।

समारोह में छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, उप प्राचार्य एसबी शाहा, ओंकार नाथ तिवारी, प्रवीण दुबे, समन्वयक  सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।