ऑपरेशन प्रहार में उत्कृष्ट कार्रवाई मामले में हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार को एस पी ने प्रशस्ति पत्र व चेक देकर किया सम्मानित
हुसैनाबाद:कृष्णा यादव
हुसैनाबाद: पूरे पलामू जिले में राज्य में संगठित अपराध पर लगाम कसना, फरार अपराधियों व वारंटियों को पकड़ना और अवैध नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार में उत्कृष्ट कार्रवाई करने पर इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी हुसैनाबाद को सम्मानित किया गया।पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी की अध्यक्षता में ब्लॉक बी स्थित सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी के दौरान ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध उत्कृष्ट कार्रवाई करने वाले जिले के सात पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी को प्रशस्ति पत्र एवं चेक प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
सम्मानित होने वालों में पुलिस निरीक्षक सह हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार, नौडीहा बाजार थाना के मनोज कुमार सिंह व सहायक अवर निरीक्षक राजेश बैठा, तथा सैट-97 (जैप-8 लेस्लीगंज) के आरक्षी मनोज कुमार सिंह एवं आरक्षी अमीत कुमार यादव शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मादक पदार्थों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने सम्मानित पदाधिकारियों एवं जवानों को भविष्य में भी निष्ठा, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।






