श्रावणी मेले में ड्यूटी में आए एंबुलेंस चालकों को रूट की जानकारी नहीं,
डीसी ने एंबुलेंस ड्राइवरों की ट्रेनिंग और रूट की शिकायतों पर कहा- तुरंत शिकायत करें, मिनटों में होगा समाधान.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 को लेकर उठ रही शिकायतों पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
मीडिया सेंटर में एक साक्षात्कार के दौरान उनसे सवाल किया गया कि "40 एंबुलेंस दी गई हैं लेकिन ड्राइवरों को ट्रेनिंग नहीं दी गई है और दर्द से कराहते कांवरियों को अस्पताल ले जाते समय बाहर से आए चालकों को रूट का पता नहीं है, तो वो कैसे ले जाएंगे?"
इस पर उपायुक्त ने कहा, नहीं ऐसी कोई बात नहीं है। आप लोगों से भी मेरा यही अनुरोध है कि अगर आपके नॉलेज में कोई भी ऐसा इंसिडेंट आ रहा है तो जिला प्रशासन को तुरंत इसकी जानकारी दें.
उपायुक्त ने बताया कि श्रद्धालुओं की शिकायतों के लिए मेला क्षेत्र में QR कोड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा शिकायत समाधान के लिए कई तरह के मैकेनिज्म बनाए गए हैं।
"अगर आप अतिशीघ्र उसको फ़्लैश करेंगे तो हम लोग तुरंत उसको मदद पहुंचा पाएंगे। हमारी पूरी मेडिकल टीम इस बार लगी हुई है। कहीं से भी कोई फीडबैक या शिकायत आ रही है तो हम लोग उसका तुरंत समाधान कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि समस्याओं को जिला प्रशासन डे बाय डे, आवर बाय आवर, मिनट बाय मिनट उस समस्या का समाधान करेगा।
उपायुक्त ने दोहराया कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि मेला क्षेत्र में उन्हें कोई भी असुविधा दिखे तो तुरंत QR कोड स्कैन कर या कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।




.jpeg)

