BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के विरोध में कांग्रेसियों ने फूंका पीएम मोदी का पुतला।


उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मंदिर से निकलने के बाद कथित तौर पर मंदिर को गंगाजल से धोने और इस मामले का कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा विरोध किए जाने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने सोमवार की शाम जामताड़ा शहर के व्यस्ततम सुभाष चौक पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।
पुतला दहन कार्यक्रम में जामताड़ा और मिहिजाम से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में गोड्डा के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, मजदूरों के पलायन और शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर आवाज उठाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दलित समुदाय से आते हैं और उनके मंदिर में प्रवेश के बाद मंदिर को गंगाजल से धोया जाना बेहद आपत्तिजनक है। कांग्रेस इस घटना का विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड दौरे के दौरान राहुल गांधी ने भाजपा के इस कथित कृत्य का विरोध किया तो उन्हें अपमानित करने का प्रयास किया गया और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। कांग्रेस इसे लोकतंत्र की हत्या के समान मानती है और इसका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया है। आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।
मौके पर प्रदेश सचिव प्रभु मंडल, जिला प्रवक्ता इरशाद उल हक अर्शी, मीडिया सेल के निशापति हांसदा, मोवाशिर नवाज, मुखिया मिरूदी सोरेन, मंगोली हेंब्रम, प्रखंड अध्यक्ष मास्टर दाउद अंसारी, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव तनवीर आलम, अमरनाथ मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।