SIR की समय-सीमा 30 सितंबर तक बढ़ाने की मांग, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिमला कुमारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा पत्र
मेदिनीनगर, 12 सितंबर 2026। झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की निर्धारित समय-सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर पलामू जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बिमला कुमारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त, नई दिल्ली को पत्र भेजा है। उन्होंने जनहित में SIR की प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 करने का आग्रह किया है।
पत्र में बिमला कुमारी ने कहा है कि झारखंड में साक्षरता दर अपेक्षाकृत कम होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को SIR प्रक्रिया के तहत अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने तथा उनके निराकरण की प्रक्रिया में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में 15 सितंबर तक पूरी प्रक्रिया संपन्न कराना काफी कठिन प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से आग्रह किया कि आम नागरिकों की समस्याओं और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को ध्यान में रखते हुए SIR की समय-सीमा में 30 सितंबर 2026 तक विस्तार किया जाए। इससे पात्र मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जुटाने, दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने तथा पूरी प्रक्रिया को समझने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि समय-सीमा बढ़ाए जाने से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि प्रक्रिया की जानकारी या दस्तावेजों की कमी के कारण कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न हो। उन्होंने जनहित में निर्वाचन आयोग से इस मांग पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है।





