BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन में विस्फोट और गुजरात सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी का देवघर कनेक्शन, सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार


दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन में विस्फोट और गुजरात सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी का देवघर कनेक्शन, सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान विस्फोट करने और गुजरात के गांधीनगर स्थित सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल भेजने के मामले में देवघर से एक युवक की गिरफ्तारी हुई है।

गुजरात पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने देवघर नगर थाना पुलिस के सहयोग से करनीबाग ठाढ़ी रोड, वार्ड-34, बावनबीघा स्थित ससुराल से गुलशन कुमार सिंह उर्फ गुलशन चौहान, पिता कौशल सिंह को गिरफ्तार किया है। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद टीम उसे गुजरात ले गई है।

एसपी प्रवीण पुष्कर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि ब्रिक्स सम्मेलन और गुजरात सचिवालय को लेकर भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में गुलशन की ई-मेल आईडी का प्रयोग हुआ था। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर साइबर मामलों में दक्ष इंस्पेक्टर एमबी पटेल के नेतृत्व में गुजरात पुलिस की तीन सदस्यीय टीम लोकेशन ट्रेस करते हुए देवघर पहुंची और उसे ससुराल से हिरासत में लिया। नगर थाना में अलग कमरे में पूछताछ के दौरान उसने अपनी ई-मेल आईडी की पुष्टि की है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार सह आरोपी रोशन ने पूछताछ में खुलासा किया था कि ब्रिक्स सम्मेलन में विस्फोट और सचिवालय को उड़ाने की धमकी के लिए जिस ई-मेल आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल किया गया, वह उसे गुलशन कुमार ने ही उपलब्ध कराया था। हालांकि गुलशन की संलिप्तता कितनी है, इसकी जांच अभी चल रही है। पुलिस ई-मेल के आईपी एड्रेस, लॉगिन हिस्ट्री और जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है।

जांच में सामने आया है कि गुलशन मूल रूप से बिहार के जमुई जिला के नगर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव का रहने वाला है। देवघर के नंदन पहाड़ में भी उसका घर है। वह पूर्व में सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में काम कर चुका है और फिलहाल घर पर ही रह रहा था।