BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में ड्रीम फिल अकादमी का शानदार प्रदर्शन


जामताड़ा। देवघर जिले के मधुपुर में मास्टर माइंड अबेकस की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय अबेकस गाला प्रतियोगिता में जामताड़ा की ड्रीम फिल अकादमी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में चार जिलों के कुल 168 प्रतिभागियों ने विभिन्न स्तरों में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को महज चार मिनट में 100 गणितीय सवालों को अधिकतम सही और तेज गति से हल करने की चुनौती दी गई।
ड्रीम फिल अकादमी की ओर से प्रतियोगिता में कुल 13 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें छह ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार हासिल कर अकादमी का नाम रोशन किया।
लेवल-1 में 9 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सुरजीत दे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब और प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं लेवल-1 के 9 वर्ष से कम आयु वर्ग में महज पांच वर्ष की बाची नारनोलिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेकंड रनर-अप का स्थान प्राप्त किया।
लेवल-4 में संजना ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। लेवल-5 में कीर्तन परशुरामका ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि इसी स्तर पर केयूरी परशुराम ने सेकंड रनर-अप का स्थान प्राप्त किया। लेवल-6 में श्रेया दत्ता सेकंड रनर-अप रहीं।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में सोमवार को ड्रीम फिल अकादमी परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सभी विजेता विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
अकादमी के निदेशक ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन, एकाग्रता, तेज गणना क्षमता और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं अभिभावकों ने भी अकादमी के प्रयासों की सराहना की और विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताई।