पालोजोरी में 05 सरकारी स्कूल शिक्षक विहीन, पठन-पाठन का जिम्मा सिर्फ पारा शिक्षकों पर
■ 02 से 04 पद स्वीकृत होने के बावजूद नहीं है एक भी स्थायी शिक्षक, तकनीकी रूप से बंद की श्रेणी में दर्ज
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : प्रखंड क्षेत्र के 05 सरकारी स्कूलों में एक भी सरकारी शिक्षक कार्यरत नहीं हैं। इन स्कूलों में 02 से 04 पद स्वीकृत हैं, लेकिन लंबे समय से पदस्थापना नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई का पूरा भार सहायक अध्यापकों यानी पारा शिक्षकों पर है।
सरकारी रिकॉर्ड में ऐसे स्कूलों को "तकनीकी रूप से बंद विद्यालय" की श्रेणी में रखा जाता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्क्रमित मध्य विद्यालय लेटो दुधानी- 266 नामांकन, 03 पारा शिक्षक, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलडीह - 135 नामांकन, 03 पारा शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय अजनारी - 40 नामांकन, 01 पारा शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय सगरभंगा - 39 नामांकन, 01 पारा शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर - 30 नामांकन, 01 पारा शिक्षक के नाम शामिल हैं।
इनमें 02 स्कूल उत्क्रमित मध्य विद्यालय हैं जहां कक्षा 01 से 08 तक पढ़ाई होती है। 03 स्कूल प्राथमिक विद्यालय हैं जहां कक्षा 01 से 05 तक की पढ़ाई होती है। नामांकन की संख्या अच्छी होने के बावजूद स्थायी शिक्षक नहीं होने से पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व रांची में मुख्यमंत्री द्वारा 300 से अधिक सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दिया गया था। इनमें 57 सहायक आचार्य देवघर जिले के लिए आवंटित हुए थे। लोगों को उम्मीद थी कि इनमें से कुछ शिक्षकों की पदस्थापना इन स्कूलों में होगी, लेकिन विभाग ने अब तक यहां नियुक्ति नहीं की।
हालांकि यूएमएस महतोडीह और बहादुरपुर में भी पहले शिक्षक नहीं थे। जिला द्वारा भेजी गई 07 स्कूलों की सूची में से इन दोनों स्कूलों में 01-01 सहायक आचार्य की पोस्टिंग कर दी गई है।
स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों ने मांग की है कि इन 05 स्कूलों में अविलंब सरकारी शिक्षकों की पदस्थापना की जाए ताकि पढ़ाई बेहतर हो सके।
सूत्रों के अनुसार जिले से ऐसे स्कूलों की सूची मांगी गई थी जहां स्वीकृत पद के विरुद्ध एक भी शिक्षक नहीं है। 07 स्कूलों की सूची भेजी गई थी। अब शेष 05 स्कूलों में शिक्षकों की पदस्थापना कब होगी यह जिलास्तरीय पदाधिकारियों पर निर्भर करता है।
फिलहाल शिक्षकों के अभाव के कारण इन स्कूलों के बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।


.jpg)


