संत तुलसीदास महाविद्यालय में धूमधाम से मनी गोस्वामी तुलसीदास जयंती
रामचरितमानस में ज्ञान का भंडार,समाज को सदैव मिलती रहेगी संत तुलसीदास की प्रेरणा : वक्ता
रेहला।संत तुलसीदास महाविद्यालय,रेहला में बुधवार को गोस्वामी तुलसीदास जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।कार्यक्रम का शुभारंभ संत तुलसीदास एवं मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।मुख्य अतिथि एके सिंह कॉलेज,जपला के डॉ.आलोक रंजन तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. विजयकांत शुक्ला एवं डॉ. अजय शुक्ला उपस्थित रहे।अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य कृष्ण कुमार चौबे ने की।मुख्य अतिथि डॉ. आलोक रंजन ने कहा कि तुलसीदास महान संत एवं युगपुरुष थे।उन्होंने रामकथा को अवधी भाषा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया।उनकी रचनाओं में लोककल्याण,नैतिकता और जीवन मूल्यों का संदेश मिलता है।डॉ. विजयकांत शुक्ला ने रामचरितमानस को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि इसमें विराट दृष्टि और शक्ति का अद्भुत समन्वय है।डॉ. अजय शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में सभी को रामचरितमानस का अध्ययन करना चाहिए,क्योंकि इसमें ज्ञान का विशाल भंडार है।हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. श्याम मिश्र ने तुलसीदास के जीवन एवं साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला।प्रभारी प्राचार्य ने उनकी रचनाओं में निहित नैतिकता और सदाचार के संदेश को रेखांकित किया।संचालन डॉ. राकेश शुक्ला ने किया।छात्रा रेखा शर्मा ने रामचरितमानस के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी,जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक,कर्मी एवं दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





