एक हत्या की जांच में खुला दूसरा मर्डर केश का राज, एसआईटी ने मुटुर और नंदन हत्याकांड का किया उद्भेदन
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद,पलामू : पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। एक हत्या की जांच के दौरान पुलिस को दूसरे हत्याकांड तक पहुंच मिली। पुलिस के अनुसार बदले की भावना में यह दूसरा मर्डर किया गया था।
मामले की शुरुआत बीरधवर गांव निवासी 60 वर्षीय मुटुर मुसहर के अपहरण और हत्या से हुई। इस संबंध में मोहम्मदगंज थाना कांड संख्या 31/2026, दिनांक 10 अगस्त 2026 दर्ज किया गया। कांड का सफ़ल उद्भेदन के लिए पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर हुसैनाबाद एसडीपीओ आईपीएस दिव्यांश शुक्ल के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने बिहार के औरंगाबाद जिले के दिनेश मुसहर, विकास मुसहर, गोविंद्र मुसहर और श्रवण मुसहर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपितों ने मुटुर के अपहरण और हत्या की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने डेहरी नगर थाना क्षेत्र में सोन नदी किनारे पाली रोड स्थित श्मशान घाट के पास से मुटुर मुसहर का नर-कंकाल बरामद किया। कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेजा गया। चारों आरोपितों को 15 अगस्त को ही न्यायिक हिरासत* में भेज दिया गया। वहीं
मुटुर हत्याकांड की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को दिनेश मुसहर के पुत्र नंदन मुसहर की हत्या की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार नंदन की हत्या नवंबर 2025 में की गई थी। हत्या के बाद शव को कोयल नदी के बहते पानी में फेंक दिया गया था।इसके बाद पुलिस ने मोहम्मदगंज थाना कांड संख्या 33/2026, दिनांक 17 अगस्त 2026 दर्ज कर नंदन हत्याकांड की जांच शुरू की। अनुसंधान में संतोष मुसहर, धर्मेन्द्र मुसहर और नन्दु मुसहर की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार, नंदन मुसहर की पत्नी और संतोष मुसहर के बीच प्रेम प्रसंग था। इसी विवाद में नंदन की हत्या की गई। हत्या के इस मामले में संतोष मुसहर और धर्मेन्द्र मुसहर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि नंदन की हत्या का बदला लेने के लिए ही उसके पिता दिनेश मुसहर और अन्य आरोपितों ने मुटुर मुसहर की हत्या की। इस तरह एक हत्या के बाद बदले में दूसरी हत्या की कड़ी जुड़ी।
दोनों मामलों में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मुटुर मुशहर हत्याकांड में दिनेश मुसहर, विकास मुसहर, गोविंद्र मुसहर, श्रवण मुसहर को गिरफ्तार किया गया है जबकि
नंदन हत्याकांड के आरोप में संतोष मुसहर, धर्मेन्द्र मुसहर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।
पूरी कार्रवाई एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल के नेतृत्व वाली एसआईटी ने की।अनुसंधान टीम में हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल के अलावे मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन, अनुसंधानकर्ता मनोज मुंडा, देवरी ओपी प्रभारी राजू गुप्ता, लठेया पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक क्यामुद्दीन अंसारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





