BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

छात्रों की मांग पर सरकार का फैसला स्वागतयोग्य, पारदर्शी जांच और नई भर्ती प्रक्रिया हो: आशुतोष तिवारी


मेदनीनगर : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रमंडलीय प्रवक्ता आशुतोष कुमार तिवारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा JSSC-CGL सहित विवादित भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे झारखंड के छात्रों और युवाओं की आवाज की महत्वपूर्ण जीत है।

तिवारी ने कहा कि छात्रों ने लगातार भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग उठाई। सरकार द्वारा परीक्षा रद्द करने का निर्णय यह साबित करता है कि छात्रों की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इस फैसले से आंदोलनरत छात्रों में खुशी स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि सिर्फ परीक्षा रद्द करना अंतिम समाधान नहीं है। अब सरकार की जिम्मेदारी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखा जाए।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा यह भी मांग करती है कि नई भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, तकनीकी रूप से सुरक्षित और भ्रष्टाचारमुक्त हो। जिन अभ्यर्थियों ने वर्षों मेहनत की है, उनके समय और उम्र को ध्यान में रखते हुए सरकार को विशेष राहत और उचित अवसर देने पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए।

आशुतोष कुमार तिवारी ने कहा, “यह किसी दल की जीत नहीं, बल्कि झारखंड के मेहनतकश छात्रों की आवाज की जीत है। सरकार ने एक कदम उठाया है, अब उसे बाकी जरूरी कदम भी उठाने होंगे। युवाओं को केवल आश्वासन नहीं, पारदर्शी भर्ती और न्याय चाहिए।”

आशुतोष कुमार तिवारी का स्पष्ट मत है कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।