BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयासों का असर, पोखराहा-जोड़ में दो अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया तेज


NH-39 पर ₹3.43 करोड़ से ट्रांसमिशन लाइन शिफ्टिंग, NHAI मुख्यालय में मंजूरी की प्रक्रिया जारी

मेदिनीनगर। पलामू संसदीय क्षेत्र में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और सड़क सुरक्षा की दिशा में सांसद विष्णु दयाल राम के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। मेदिनीनगर फोरलेन बाईपास NH-39 पर पोखराहा एवं जोड़ के पास दो अंडरपास/फ्लाईओवर निर्माण की स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है।

सांसद विष्णु दयाल राम ने इन दोनों स्थानों पर अंडरपास निर्माण की आवश्यकता को लेकर 23 जुलाई 2026 को लोकसभा में नियम-377 के तहत मामला उठाया था। इसके बाद भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री अजय टम्टा ने 31 अगस्त 2026 को पत्र भेजकर परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

मंत्रालय के अनुसार, पोखराहा के पास किलोमीटर 165+700 पर VUP तथा जोड़ के पास किलोमीटर 169+023 पर LVUP के निर्माण के लिए रेलवे ट्रांसमिशन लाइन को ऊंचा करने की आवश्यकता है। ट्रांसमिशन लाइन शिफ्टिंग के लिए ₹3.43 करोड़ की राशि रेलवे प्राधिकरण को प्राप्त हो चुकी है।

फिलहाल दोनों अंडरपास के निर्माण का प्रस्ताव NHAI मुख्यालय स्तर पर सक्षम प्राधिकारी की सैद्धांतिक (इन-प्रिंसिपल) मंजूरी के लिए प्रक्रियाधीन है। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू में सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। पोखराहा और जोड़ में अंडरपास बनने से स्थानीय ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
उन्होंने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र की सड़क, रेल और अन्य आधारभूत संरचनाओ से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिये वे लगातार प्रयासरत हैं।