पाटन थाना पहुंचे एसपी कपिल चौधरी, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश
लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पर जोर
पलामू। पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पाटन थाना का वार्षिक निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन, वारंट-कुर्की, पासपोर्ट सत्यापन, अभिलेखों के संधारण तथा थाना परिसर की व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा न्यायालय से जारी वारंट और कुर्की का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित वाहन जांच, पैदल एवं वाहन गश्ती के साथ रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
बैंकों, एटीएम, बाजार एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया। एसपी ने थाना आने वाले आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।






