BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

10 माह बाद भी रितु हत्याकांड में गिरफ्तारी नहीं


10 माह बाद भी रितु हत्याकांड में गिरफ्तारी नहीं
न्याय के लिए 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना


मेदिनीनगर : वामपंथी एवं सामाजिक-राजनीतिक संगठनों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में चैनपुर थाना कांड संख्या 219/25 में 10 वर्षीय बालिका रितु कुमारी की हत्या के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। संगठनों ने मामले की सीबीआई जांच कराने और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 15 सितंबर से उपायुक्त कार्यालय, मेदिनीनगर के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का निर्णय लिया।
बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने कहा कि रितु कुमारी की हत्या को करीब 10 माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। इतने लंबे समय बाद भी हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। वक्ताओं ने कहा कि एक मासूम बच्ची की हत्या के मामले में न्याय में हो रही देरी परिजनों के साथ-साथ समाज के लिए भी पीड़ादायक है।
संयुक्त रूप से निर्णय लिया गया कि रितु कुमारी को न्याय मिलने और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा। संगठनों ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग भी उठाई।
बैठक में आगामी 15 सितंबर को ‘रितु कुमारी को न्याय दो’ अभियान के तहत मेदिनीनगर थाना चौक से विशाल प्रतिरोध मार्च निकालने का निर्णय लिया गया। मार्च के बाद उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
बैठक में भाकपा माले, क्रांतिकारी किसान मजदूर यूनियन, झारखंड क्रांति मंच, भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी, इप्टा, आदि कुड़ुख सरना समाज पलामू, जन संग्राम मोर्चा, झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा और सामाजिक न्याय परिषद समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
अभियान के संयोजक विजय चौरसिया ने बताया कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि रितु कुमारी के परिवार को न्याय दिलाना और हत्याकांड की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि मासूम रितु की हत्या का न्याय तभी पूरा होगा, जब दोषियों तक कानून का हाथ पहुंचेगा।