जूता-चप्पल दुकान में चोरी का खुलासा, चोरी के चप्पल के साथ चोर गिरफ्तार
मेदिनीनगर : शहर थाना क्षेत्र स्थित जेडक्यू टावर कॉम्प्लेक्स की जूता-चप्पल दुकान में हुई चोरी के मामले में शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर 44 जोड़ी पैरागोन कंपनी की चप्पल बरामद की है।
इस संबंध में पनेरीगली कुंड मुहल्ला, डाल्टनगंज निवासी मो. मुर्तजा के लिखित आवेदन के आधार पर शहर थाना कांड संख्या 350/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4)/305(a) के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परवेज आलम (22 वर्ष), पिता बिलाल अंसारी, निवासी साई मुहल्ला, राहत नेजाम हॉस्पिटल के पास, पहाड़ी मुहल्ला, थाना शहर, पलामू को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 44 जोड़ी पैरागोन कंपनी की चप्पल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद रविवार, 13 सितंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। छापेमारी अभियान में शहर थाना पुलिस की टीम शामिल रही।





