खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने प्रेसवार्ता में किया सनसनीखेज खुलासा
होने वाली पत्नी और उसके प्रेमी ने रची थी नीरज हाजरा की हत्या की साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान से शादी के लिए घर लौटा था नीरज, प्रेम प्रसंग में हत्या कर जंगल में फेंका शव
रांची एक्सप्रेस संवाददाता जमुआ
गिरिडीह, प्रतिनिधि। जमुआ थाना क्षेत्र के बहुचर्चित नीरज हाजरा अपहरण एवं हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की होने वाली पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने मिलकर नीरज की हत्या की साजिश रची और हत्या के बाद शव को बिहार के जमुई जिले स्थित बेला जंगल में फेंक दिया।
खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि जमुआ थाना क्षेत्र के भिखोडीह निवासी 20 वर्षीय नीरज हाजरा राजस्थान में मजदूरी करता था। उसकी शादी 7 जुलाई को तय थी, जिसके लिए वह 4 जुलाई को अपने गांव लौटा था। इसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया।
5 जुलाई को नीरज के पिता सुभाष हाजरा ने जमुआ थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बाद में अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान बिहार के जमुई जिले के बेला जंगल से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान नीरज हाजरा के रूप में हुई। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए उर्मिला कुमारी और सुभाष पासवान को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उर्मिला कुमारी और उसके रिश्ते के साढ़ू सुभाष पासवान के बीच प्रेम संबंध था। लेकिन परिजनों ने उर्मिला की शादी नीरज हाजरा से तय कर दी थी। इसी कारण दोनों ने मिलकर नीरज को रास्ते से हटाने की योजना बनाई, उसकी हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बेला जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा स्कूटी तथा हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद कर लिए हैं।
एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले के खुलासे में इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास, जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, रोहित कुमार सिंह, छाया किस्कू, रोशन कुमार, मणिलाल सिंह, संजय कुमार यादव, वेद प्रकाश पांडेय, सुमित कुमार सिंह समेत पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




