BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी, दस्तावेज सत्यापन जल्द।


उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला चौकीदार नियुक्ति समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में चौकीदार की सीधी भर्ती के लिए प्रकाशित विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चल रही नियुक्ति प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि चौकीदार भर्ती परीक्षा का परिणाम एवं मेधा सूची पूर्व में जारी की जा चुकी है। हालांकि, दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। नियुक्ति से संबंधित मामला न्यायालय में चले जाने के कारण प्रक्रिया लंबित थी। उच्च न्यायालय, झारखंड, रांची द्वारा पारित न्यायादेश के आलोक में अब नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को न्यायालय के आदेश एवं पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन से संबंधित सूचना स्थानीय समाचार पत्रों के साथ-साथ जिले की आधिकारिक वेबसाइट Jamtara.nic.in पर प्रकाशित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा मेधा सूची के अनुसार बीट निर्धारण सहित नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों को भी निर्धारित नियमों के तहत पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा पंकज कुमार रवि समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।