श्रावणी मेला में 51 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण, 8.23 करोड़ की आय
• प्रेस वार्ता डीसी ने दी जानकारी
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर शनिवार को आर.एल. सर्राफ स्थित अस्थाई मीडिया सेंटर में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की संयुक्त अध्यक्षता में साप्ताहिक प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से 21 अगस्त तक कुल 51,12,531 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण किया, जिसमें शीघ्र दर्शनम कूपन से 1,90,887 श्रद्धालु शामिल हैं। इस अवधि में बाबा मंदिर को अन्य स्रोतों सहित कुल 8,23,47,741 रुपये की आय प्राप्त हुई, जिसमें शीघ्र दर्शनम से 6,87,19,320 रुपये शामिल हैं।
मेला व्यवस्था पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में 597 मजिस्ट्रेट, 6763 पुलिस बल, 04 एसपी, 03 सीआरपीएफ कंपनियां और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की 2-2 टीमें तैनात हैं। 77 स्थानों पर आवासन, 35 अस्थाई स्वास्थ्य केंद्रों पर 1,80,562 श्रद्धालुओं का इलाज, 16 सामान्य और 24 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था है।
सूचना केंद्रों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 34 सूचना केंद्रों पर 88,328 खोये-पाये कांवरिये निबंधित हुए, जिनमें से 71,198 को परिजनों से मिलाया गया। निगरानी के लिए 925 सीसीटीवी, 225 एआई कैमरा और 05 ड्रोन तैनात हैं।
पेयजल विभाग द्वारा 48 स्नानागार, 323 शौचालय, 76 चापाकल और 09 प्याऊ, नगर निगम द्वारा 1.06 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह, विद्युत विभाग द्वारा 73.27 लाख रुपये राजस्व और परिवहन विभाग द्वारा 70.09 लाख रुपये प्रवेश शुल्क वसूला गया।
उपायुक्त ने कहा कि सभी के सहयोग से मेला सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और अंतिम सोमवारी को लेकर सभी तैयारियां पूरी हैं। हमारा प्रयास है कि बाबा नगरी आने वाला हर श्रद्धालु अच्छी अनुभूति लेकर जाए।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि सुरक्षा के लिए 21 अस्थाई ओपी और 13 यातायात ओपी बनाए गए हैं। एटीएस, रैफ, बम डिस्पोजल, डॉग स्क्वाड और क्यूआरटी की टीमें तैनात हैं। इस सप्ताह मंदिर परिसर से कुछ मोबाइल बरामद और कुछ पॉकेटमार गिरफ्तार किए गए हैं।
प्रेसवार्ता में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, एसडीओ रवि कुमार, डीपीआरओ राहुल कुमार भारती सहित अन्य अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।






