BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर में मनाया गया "अभया दिवस", महिला चिकित्सकों ने लिया बेटियों की सुरक्षा का संकल्प


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

बैद्यनाथधाम : देवघर प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ सोसायटी के तत्वावधान में रविवार को आईएमए के सभागार में "अभया दिवस" मनाया गया। 

यह दिवस 09 अगस्त 2024 को कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की रेजिडेंट डॉक्टर अभया (काल्पनिक नाम) के साथ हुई बलात्कार और निर्मम हत्या के विरोध में देशभर में प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ सोसायटी द्वारा मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत में दिवंगत डॉ.‌ अभया को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 

उल्लेखनीय है कि, देशभर में प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ सोसायटी द्वारा 09 अगस्त को "अभया डे" घोषित किए जाने के बाद से देशभर में महिला चिकित्सक इस दिन को सुरक्षा और संकल्प के रूप में मनाते हैं।

सभा की अध्यक्षता करते हुए सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. अर्पिता गांधी ने कहा कि एक सुरक्षित बेटी ही एक सुरक्षित समाज का निर्माण करती है। अभया दिवस केवल स्मरण या जागरूकता का दिन नहीं है, बल्कि यह कार्रवाई और संकल्प लेने का दिन है।

उन्होंने कहा कि प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में हमारी जिम्मेदारी सिर्फ चिकित्सा तक सीमित नहीं है। हमें ऐसे समाज की वकालत करनी चाहिए जहां महिलाएं और बेटियां बिना किसी डर के रह सकें। उन्होंने इस बैनर के तहत तमाम महिला चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की सुरक्षा के लिए भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

डॉ. अर्पिता गांधी ने कहा कि आज एक सुरक्षित बेटी कल एक मजबूत समाज का निर्माण करती है। किशोरावस्था से लेकर मातृत्व तक महिलाओं के जीवन के हर चरण में हम उनके साथ होते हैं, इसलिए समाज में सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हमारी भी जिम्मेदारी है।

आईएमए के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर महिला सुरक्षा के संकल्प का समर्थन किया।

सभा के अंत में सभी ने मिलकर समाज में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया

कार्यक्रम में सोसाइटी की पैट्रोन डॉ. मंजू बैंकर, डॉ. रीता ठाकुर, डॉ. किरण पाण्डेय, डॉ. सिम्मी, डाॅ. नेहा प्रिया, डॉ. अमित प्रज्ञा, डॉ. भारती, डॉ. पल्लवी, डॉ. गोपाल पी. बरनवाल, डॉ. डी. तिवारी, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. एन. सी. गांधी सहित शहर के दर्जनों महिला-पुरुष चिकित्सक उपस्थित थे।