अडानी फाउंडेशन ने आदिवासी महिलाओं के लिए शुरू किया एनीमिया मुक्त अभियान
• करीब 400 आदिवासी महिलाओं और किशोरियों को लाभ पहुंचाना है लक्ष्य
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : अडानी फाउंडेशन ने गोड्डा जिले के आदिवासी बहुल गांवों में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य सुधार के लिए "एनीमिया नियंत्रण एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता अभियान" की शुरुआत की है।
अडानी समृद्ध ग्राम पहल के तहत यह अभियान जिले के 3 आदिवासी गांवों - पेटबि संथाली, गंगटा और नयाबाद में चलाया जा रहा है। इसका लक्ष्य लगभग 400 आदिवासी महिलाओं और किशोरियों को लाभ पहुंचाना है। गोड्डा में कुल आबादी का 21.26 प्रतिशत हिस्सा अनुसूचित जनजाति का है, जहां एनीमिया एक बड़ी चुनौती है।
अभियान के पहले चरण का आयोजन 20 अगस्त को नयाबाद गांव में किया गया। इस दौरान महिलाओं को एनीमिया के कारण, लक्षण, रोकथाम, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता और संतुलित आहार को लेकर जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आयरन युक्त भोजन और नियमित जांच के महत्व पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में 20 महिलाओं और किशोरियों की एनीमिया स्क्रीनिंग भी की गई। जांच में जोखिम वाले मामलों को चिह्नित कर उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट पैकेट वितरित किए गए।
ग्रामीणों ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना की। फाउंडेशन ने कहा कि यह पहल SDG-3 उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण के तहत ग्रामीण और आदिवासी समुदायों के समग्र विकास के लिए जारी रहेगी।






