• अधिवक्ता संघ ने दी श्रद्धांजलि
अजीत आनंद,
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर (देवघर) : अधिवक्ता संघ के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता 65 वर्षीय संजय कुमार शरण का शुक्रवार दोपहर करीब 02 बजे उनके निवास पर हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया।
वे वर्ष 1992 से मधुपुर न्यायालय में नियमित रूप से विधि व्यवसाय कर रहे थे। व्यवहार कुशल और मिलनसार स्वभाव के अधिवक्ता संजय कुमार शरण के निधन से अधिवक्ता संघ में शोक की लहर है। बताया गया कि कुछ माह पूर्व उन्होंने हार्ट की सर्जरी भी कराई थी। वे अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गए हैं।
निधन की सूचना के बाद शनिवार को मधुपुर अधिवक्ता संघ में शोकसभा आयोजित की गई। संघ के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से स्वयं को अलग रखने का निर्णय लिया।
संघ ने दिवंगत अधिवक्ता के पुत्र एवं अधिवक्ता सत्यकांत को तत्काल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी निर्णय लिया। संघ के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष विंदेश्वरी प्रसाद शाही, महासचिव श्याम सुंदर भैया, प्रशासनिक सचिव जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे। संघ के सदस्यों ने कहा कि संजय कुमार शरण का आकस्मिक निधन अपूरणीय क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।







