BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

कडरासल आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका बनीं अनु कुमारी, चयन पर मुखिया ने उठाए सवाल


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पालोजोरी : प्रखंड के भुरकुंडी पंचायत अंतर्गत कडरासल आंगनबाड़ी केंद्र में शनिवार को सेविका चयन के लिए आम सभा का आयोजन किया गया। 

चयन प्रक्रिया बीडीओ सह प्रभारी सीडीपीओ पार्थ नंदन की देखरेख में संपन्न हुई। इसमें पंसस सह प्रमुख उषा किरण मरांडी, प्राथमिक विद्यालय कडरासल के प्रभारी प्रधानाध्यापक स्नेह किशोर एवं आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मृणालिनी पांडे चयन समिति के सदस्य के रूप में मौजूद थे।

सेविका पद के लिए कुल 10 महिलाओं ने आवेदन दिया था। चयन समिति ने सभी आवेदनों का अवलोकन कर शैक्षणिक मेरिट लिस्ट बनाई।  
सर्वाधिक 41 अंक प्राप्त करने वाली अनु कुमारी का चयन आईसीडीएस कड़रासल केंद्र की सेविका के रूप में किया गया।

चयन के बाद कुछ लोगों ने मांग की कि अनु कुमारी को तत्काल औपबंधिक प्रमाण पत्र दिया जाए। इस पर बीडीओ सह प्रभारी सीडीपीओ ने कहा कि निर्देशों के अनुसार चयन के बाद औपबंधिक प्रमाण पत्र तुरंत नहीं दिया जाता। सभी उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट बनाकर सर्वाधिक अंक वाले का चयन घोषित किया जाता है। चयन संबंधी सभी दस्तावेज जिला कार्यालय भेजे जाएंगे, जहां से अनुमोदन के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होगी।

वहीं भुरकुंडी पंचायत की मुखिया सुनीता मुर्मू‌ ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आमसभा की सूचना उन्हें प्रावधान के अनुसार नहीं दी गई। एक दिन पहले उन्हें केंद्र की प्रभारी सेविका द्वारा व्हाट्सएप पर सूचित किया गया था, जबकि सूचना बाल विकास परियोजना कार्यालय के सक्षम पदाधिकारी या कर्मी‌ द्वारा दी जानी चाहिए थी।

मुखिया ने कहा कि उनकी गैरमौजूदगी में चयन प्रक्रिया संपन्न होना समझ से परे है। उन्होंने मांग की है कि चयन प्रक्रिया को नए सिरे से कराया जाए। इस संबंध में उन्होंने बीडीओ सह प्रभारी सीडीपीओ को लिखित आवेदन देने की बात भी कही है।