गोड्डा में 41वीं राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
• 25 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा व्यापक जागरूकता अभियान.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : जिला अंधापन नियंत्रण समिति के तत्वावधान में 41वीं राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के तहत जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित शकुंतला नर्सिंग स्कूल, गोड्डा, क्रिस्ट राजा नर्सिंग स्कूल, गोड्डा, क्रिस्ट राजा हॉस्पिटल, गोड्डा एवं महिला आरोग्य समिति, जाहेर टोला, वार्ड संख्या-20, नगर परिषद गोड्डा में नेत्रदान पखवाड़ा के तहत टॉक शो, वर्कशॉप एवं सामुदायिक बैठक सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक मनाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों को नेत्रदान के महत्व की जानकारी देना, नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा अधिक से अधिक लोगों को मृत्यु के पश्चात नेत्रदान के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एएनएम आराधना कुमारी ने कहा कि मृत्यु के बाद नेत्रदान किया जा सकता है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान एक महान एवं पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति के अंधकारमय जीवन में प्रकाश लाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों की दृष्टि कॉर्निया की खराबी के कारण प्रभावित हो गई है, उनमें कॉर्निया प्रत्यारोपण के माध्यम से दृष्टि वापस लाने में मदद मिल सकती है। मृत्यु के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर नेत्रदान की प्रक्रिया प्रशिक्षित नेत्र विभाग की टीम द्वारा पूरी की जाती है।
उन्होंने कहा कि नेत्र हमारे शरीर का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है। नेत्रदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग और व्यापक जन-जागरूकता के माध्यम से नेत्रदान को सामाजिक अभियान का रूप दिया जा सकता है।
नेत्रदान मानवता की सच्ची सेवा का एक उत्कृष्ट माध्यम है। वहीं, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जय शंकर ने बताया कि राष्ट्रीय अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य के प्रमुख संस्थानों रिम्स, रांची, एम.जी.एम. मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर तथा शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज, धनबाद में नेत्र अधिकोष (Eye Bank) स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता को नेत्रदान की प्रक्रिया, इसके महत्व एवं इससे होने वाले लाभों के संबंध में व्यापक जानकारी उपलब्ध कराते हुए प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि नेत्रदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने में सहयोग करें। सामूहिक प्रयास से जरूरतमंद दृष्टिहीन लोगों के जीवन में रोशनी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नेत्रदान के महत्व, प्रक्रिया एवं इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई तथा आमजनों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जय शंकर, एएनएम आराधना कुमारी, मीरा कुमारी, जयमाला कुमारी, कम्युनिटी फील्ड फैसिलिटेटर बेबी कुमारी, प्रहलाद कुमार, सहिया बबीता कुमारी आदि उपस्थित थे।






