• शिक्षक-छात्रों ने किया 09 यूनिट रक्तदान.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस)के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को ए.एस. कॉलेज, देवघर के बी.एड. सभागार में एकदिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 09 यूनिट रक्त संग्रह किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. त्रिपुरारी प्रसाद सिंह, रेड क्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल एवं एन.एस.एस समन्वयक डॉ. भारती प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्राचार्य डॉ. त्रिपुरारी प्रसाद सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारा एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। युवाओं को आगे आकर समाज के प्रति अपनी मानवीय जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
रेड क्रॉस के वाइस चेयरमैन पीयूष जायसवाल ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। मानव सेवा की भावना से किया गया स्वैच्छिक रक्तदान ही जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होता है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कर इसे जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
एन.एस.एस समन्वयक डॉ. भारती प्रसाद ने कहा कि रक्तदान निस्वार्थ समाज सेवा का सशक्त माध्यम है। एन.एस.एस की ‘स्वयं से पहले आप’ की भावना को रक्तदान जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच सार्थक रूप दिया जा रहा है।
शिविर के दौरान प्राचार्य डॉ. त्रिपुरारी प्रसाद सिंह, डॉ. भारती प्रसाद, डॉ. राजेश राज, डॉ. हुसैन शेख, डॉ. अम्बर सेवियर केरकेट्टा, धीरेन्द्र राय, युवराज, अनमोल एवं सागर सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अरविंद कुमार झा, डॉ. बिपिन प्रसाद सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर में संग्रहित 09 यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देगा। आयोजन के सफल संचालन में एन.एस.एस एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्यों की अहम भूमिका रही।







