BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

चितरा कोलियरी प्रबंधन डंपर मालिकों का शोषण बंद करे, नहीं तो होगा आंदोलन : रणधीर सिंह


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

सारठ (देवघर) : पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने शनिवार को अपने शहरजोरी आवास पर प्रेसवार्ता कर एसपी माइंस चितरा कोलियरी के जीएम, एजेंट, सेल्स विभाग और ट्रांसपोर्ट कंपनी पर डंपर मालिकों के आर्थिक दोहन और शोषण का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों से डंपर मालिक कोलियरी में कोयला ढुलाई का काम कर रहे हैं, लेकिन साजिश के तहत पिछले कुछ दिनों से डंपर में 12 टन की जगह 9 टन कोयला ही लोड दिया जा रहा है, जिससे डंपर मालिकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। डंपर हटाकर उनकी जगह हाईवा को ट्रांसपोर्ट में शामिल करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। यह डंपर मालिकों और चालकों के रोजी-रोजगार पर सीधा हमला है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूर्व मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रबंधन और ट्रांसपोर्ट कंपनी इस पर पुनर्विचार नहीं करती है तो ट्रांसपोर्टिंग कार्य को अनिश्चितकाल के लिए ठप कर दिया जाएगा।

वहीं पालोजोरी और चितरा थाना क्षेत्र में हुई दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार जघन्य अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अबुआ सरकार में भी आदिवासी समुदाय की बेटी-बहनें सुरक्षित नहीं हैं। कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है और पुलिस अवैध कोयला-बालू कारोबार से उगाही में व्यस्त है। रात के अंधेरे में बेखौफ बालू की अवैध ढुलाई हो रही है और प्रशासन मूकदर्शक बना है।

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को लेकर जल्द ही आदिवासी समाज के साथ बैठक कर भाजपा सड़क पर उतरेगी।