पुराने प्रस्तावों की समीक्षा पर अड़े पार्षद, हंगामे की भेंट चढ़ी नगर निगम बोर्ड बैठक
• पार्षदों के बहिष्कार से करोड़ों के प्रस्ताव अटके :- नगर आयुक्त
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : देवघर नगर निगम की दूसरी बोर्ड बैठक शनिवार को पार्षदों के बहिष्कार के कारण हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक में नगर निगम पदाधिकारियों को पार्षदों की खरी-खोटी झेलनी पड़ी, साथ ही हंगामे के बाद बैठक को भी स्थगित करनी पड़ी।
दरअसल बोर्ड बैठक की शुरुआत में ही पार्षदों ने पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन को लेकर सवाल खड़ा कर दिया। पार्षदों का कहना था कि पिछली बैठकों में कई प्रस्ताव पास हुए थे, लेकिन धरातल पर काम नहीं हुआ है। बिना समीक्षा के 31 नए एजेंडों पर चर्चा करने से पार्षदों ने इनकार कर दिया।
पार्षद गोपी कुमार गुप्ता, सोनी केसरी और प्रदीप चौधरी ने कहा कि बैठक से महज दो दिन पहले 31 एजेंडों की जानकारी दी गई, जो जल्दबाजी में लाए गए हैं। पार्षदों ने यह भी पूछा कि श्रावणी मेला से पहले बोर्ड बैठक क्यों नहीं बुलाई गई, जब शहर को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।
इस दौरान उपमहापौर टीप चटर्जी के नेतृत्व में पार्षदों ने निगम प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा किया। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की व्यवस्था बदहाल है। कई वार्डों में शुद्ध पेयजल की जगह नाली का गंदा पानी आ रहा है। जनप्रतिनिधियों को खुद खड़ा होकर काम करवाना पड़ता है। पार्षदों ने सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
वहीं पूरे घटनाक्रम पर नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पार्षदों के बहिष्कार के कारण बोर्ड की अहम बैठक नहीं हो सकी, इससे करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का नुकसान हुआ है।
नगर आयुक्त ने कहा कि बैठक में शहर के विकास से जुड़े 31 महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए थे, जिन पर मुहर लगनी थी। बहिष्कार के कारण सभी प्रस्ताव अटक गए हैं। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन पार्षदों की सभी जायज मांगों पर गंभीरता से काम कर रहा है, लेकिन सदन में इस तरह का गतिरोध शहर के विकास के लिए ठीक नहीं है। बोर्ड बैठक में पारित होने वाले प्रस्तावों से नागरिक सुविधाओं में सुधार होना था, जो अब लंबित हो गया।
महापौर रवि कुमार राउत ने कहा कि पार्षदों की नाराजगी को देखते हुए बैठक स्थगित की गई है। उनकी शिकायतों को दूर कर जल्द ही नई तिथि पर बोर्ड बैठक बुलाई जाएगी।






