BREAKING NEWS

logo

मधुपुर में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में उमड़ी भीड़, पहले दिन 116 आवेदकों को मिला लर्निंग लाइसेंस


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर (देवघर) : मधुपुर प्रखंड कार्यालय में बुधवार से शुरू हुए दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में पहले ही दिन आवेदकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और अन्य लोग लाइसेंस बनवाने के लिए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। अधिक भीड़ के कारण लोगों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ा।

शिविर में ऑनलाइन आवेदन, फोटो और हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पात्र आवेदकों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया। एमवीआई अमित झा ने बताया कि पहले दिन 180 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 116 आवेदकों को तत्काल लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया गया। कुछ अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके, जबकि कई के दस्तावेजों में त्रुटियां मिलीं। एमवीआई ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को आरटीओ कार्यालय के चक्कर से राहत देना है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।