• जागरूकता से ही मिलेगा अधिकार: पीडीजे
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के अध्यक्ष सह प्रधान जिला न्यायाधीश रमेश कुमार एवं सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर सुंदरपहाड़ी प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और लीलादह पंचायत भवन में जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डालसा की टीम के एलएडीसी राहुल कुमार, अधिकार मित्र नवीन, ममता कुमारी, चुनका मुर्मू, मंजूरी बीवी सहित अन्य ने ग्रामीणों और छात्राओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
एलएडीसी राहुल कुमार ने कहा कि ग्रामीण, दूरदराज और वंचित क्षेत्रों के लोगों को कानूनी रूप से जागरूक बनाना और उन्हें न्याय सुलभ कराना डालसा का प्रमुख उद्देश्य है। झालसा और नालसा की कई योजनाओं के तहत टीम जगह-जगह शिविर लगाकर समाज के निचले और पिछड़े वर्ग तक कानूनी जानकारी पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि जागरूकता से ही अधिकार मिलेगा। इसके लिए देशभर में जिला और तालुका स्तर पर 'जागृति इकाइयां' बनाई गई हैं और स्थानीय स्तर पर कानूनी सहायता क्लीनिक स्थापित किए गए हैं। इसका मुख्य फोकस महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल विवाह और पॉक्सो एक्ट जैसे कानूनों पर है।
कार्यक्रम का संचालन सरकार मित्र कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय की प्रभारी वार्डन मोनी कुमारी ने किया। इस अवसर पर शिक्षक, छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित थे।







