रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने का ख़ाका करें तैयार
बीडीएएमसी की बैठक में डीसी ने दिए निर्देश
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और रक्त केंद्रों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में शुक्रवार को Blood Donation Awareness and Monitoring Committee (BDAMC) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं के साथ रक्त प्रबंधन व जागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और कई दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में रक्त की निरंतर उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर वृहत रक्तदान शिविरों का खाका तैयार किया जाए। इस कार्य में सभी सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं को एक मंच पर आकर सक्रिय सहयोग करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं और आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने रक्त केंद्रों (ब्लड बैंकों) की कार्यप्रणाली पर निरंतर नजर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि आम जनता को समय पर रक्त उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने के लिए उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क कार्यालय को सोशल मीडिया, होर्डिंग्स और विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और डर को दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान महादान है और आपात स्थिति में मानव जीवन बचाने का जरिया है, इसलिए हर नागरिक को संवेदनशीलता के साथ इस अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।
बैठक में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, समादेष्टा झारखंड सशस्त्र पुलिस बल, चिकित्सा पदाधिकारी, रक्त अधिकोष केंद्र के व्यवस्थापक, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, आरके मिशन स्कूल, शिवाय अस्पताल, आईएमए सचिव, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।







