SIR-2026 को लेकर डीसी ने की समीक्षा, 22-23 अगस्त को लगेगा अंतिम विशेष शिविर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 को लेकर समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में मधुपुर, सारठ और देवघर विधानसभा के सभी ERO, AERO और अतिरिक्त AERO को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि SIR के तहत नोटिस जारी करना और दावा-आपत्ति का निष्पादन मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से नो-मैपिंग, तार्किक विसंगति और अन्य श्रेणियों के मामलों की सुनवाई ERO/AERO द्वारा शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य है कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र या विदेशी नागरिक सूची में न जुड़े।
बैठक में 05 अगस्त से 14 अक्टूबर तक प्राप्त नोटिस, दावों और आपत्तियों के समय-सीमा में निष्पादन, ASD फॉर्म के सुरक्षित संधारण और नए मतदान केंद्रों के अनुसार प्रपत्रों के पृथक्करण को लेकर निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि 22 और 23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर दूसरा और अंतिम विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरे करने वाले पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 और एक ही परिवार के मतदाताओं के अलग-अलग बूथ होने पर उन्हें एक बूथ पर लाने के लिए फॉर्म-8 प्राप्त किया जाएगा। इसके लिए घरों पर Family Together Sticker भी चिपकाया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी ERO, AERO और संबंधित कर्मी उपस्थित थे।






