BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी; डीसी-एसपी ने अधिकारियों को किया ब्रीफ, सुलभ जलार्पण को बताया प्राथमिकता


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी और अंतिम सोमवारी के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शनिवार को बी.एड.कॉलेज प्रांगण में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, अधिकारियों और बाहर से आए पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफ किया।

उपायुक्त ने कहा कि विनम्रता और सेवाभाव के साथ ड्यूटी करें। सोमवारी को सर्वाधिक भीड़ होती है, इसलिए अंतिम सोमवारी में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण बड़ी चुनौती है। सभी का ध्येय होना चाहिए कि श्रद्धालुओं को सुगमता से जलार्पण कराया जाए और कतार लगातार आगे बढ़ती रहे। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालु राज्य की अच्छी छवि लेकर जाएं, यह सुनिश्चित करें। कतार में गैप न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि सभी अधिकारी मेले के माहौल से परिचित हो चुके हैं। क्यू मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दें, ताकि सुरक्षित जलार्पण हो और शहर में जाम की समस्या न हो। सभी ओपी और ट्रैफिक ओपी के प्रभारी डीएसपी रैंक के अधिकारी होंगे और अपने क्षेत्र में व्यवस्था देखेंगे।

इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने तैयारियों और सावधानियों की जानकारी दी।

मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त अन्य अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।