दीपक कुमार मिश्रा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : शहर के पत्थरचपट्टी रोड स्थित महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में वंदना सभागार में बुधवार को गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पारंपरिक व श्रद्धा के साथ मनाई गई.
इस अवसर पर विद्यालय में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा व उप प्रधानाचार्य शिवनाथ झा ने गोस्वामी तुलसीदास के चित्र के समक्ष दीप जलाकर व पुष्प अर्पित कर-अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए. सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में विद्यालय के छात्रों ने कई तरह के कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें तुलसीदास की जीवनी, प्रेरक प्रसंग, मानस पाठ, भजन व अंग्रेजी भाषण सम्मिलित थे.
कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वालों में रिया कुमारी, श्रेया गुप्ता,शिवांगी कुमारी, शुभ गंगा, आस्था, नेहा, मोनिका मुख्य रही. कार्यक्रम का संचालन रश्मि भारती एवं साक्षी कुमारी ने किया. मौके पर प्रधानाचार्य ने गोस्वामी जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्ष की गाथा एवं प्रेरणादायक प्रसंग प्रस्तुत किया. इन्होंने गोस्वामी तुलसीदास व संत कवि सूरदास के प्रेरक प्रसंग सुना कर बच्चों को प्रेरित किया और भरपूर मनोरंजन भी किया.
आचार्य विनोद कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि गोस्वामी तुलसीदास कालजयी कवि, संत, समाज सुधारक, चिंतक एवं भविष्यवक्ता थे. अपने समय में जितना प्रासंगिक थे उससे भी अधिक प्रासंगिक आज के समय में है. उनकी रचनाओं का अनुसरण कर हम अपने जीवन को सफल बना सकते हैं. वही शिवनाथ झा ने कहा कि तुलसीदास की रचनाओं को पढ़ना एवं उनके संदेश को अपने जीवन में उतरना लाभदायक है. यह साहित्यिक, धार्मिक और आध्यात्मिक सभी रूपों में उपयोगी है ,जो हमें अपनी जीवन शैली को सुधारने का संदेश देता है.
कार्यक्रम में वरिष्ठ आचार्य परमानंद सिंह ने मनमोहक भजन प्रस्तुत किया वही अंकिता कुमारी ने तुलसीदास रचित भजन की प्रस्तुति दी. कार्यक्रम का संयोजन एवं प्रबंधन इंदुबाला एवं किरण राय ने किया.







