इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर की मेजबानी में डिस्ट्रिक्ट रैली और पीडीसी मीट का भव्य आयोजन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर (सत्र 2026-27) की मेजबानी में मेहर गार्डन में डिस्ट्रिक्ट रैली एवं पीडीसी मीट का आयोजन रविवार को बड़े ही धूमधाम और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आई एग्जीक्यूटिव कमेटी मेंबर्स, पास्ट डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन और विभिन्न क्लबों की सदस्यों का भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संयोजन रैली चेयरमैन ज्ञानी मिश्रा और को-चेयरमैन रेखा सिंघानिया के नेतृत्व में हुआ, जबकि समारोह की अध्यक्षता क्लब की अध्यक्ष ममता किरण ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन सोनल बंसल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद गणेश वंदना की भक्तिमय प्रस्तुति दी गई।
रैली के निर्धारित एजेंडा के अनुसार विभिन्न क्लबों की सदस्यों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग कार्यक्रमों के तहत हास्य लघु नाटक और ग्रुप डांस आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। क्लब की सदस्याओं द्वारा प्रस्तुत शानदार नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इन प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए मान्य निर्णायक मंडल भी मौजूद था, जिन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष ममता किरण ने कहा कि देवघर होस्ट क्लब को इस भव्य रैली की मेजबानी का अवसर मिलना गर्व की बात है। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के उद्देश्यों को और मजबूती देता है।
वहीं रैली चेयरमैन ज्ञानी मिश्रा ने मुख्य अतिथि सोनल बंसल, सभी ईसी मेंबर्स, पीडीसीज और विभिन्न क्लबों से आई अतिथियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह रैली सफल हो सकी।
इस अवसर पर क्लब की एडिटर सुषमा रानी सहित क्लब की सभी प्रमुख पदाधिकारी, सदस्याएं और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।






