BREAKING NEWS

logo

पालोजोरी बीडीओ ने छात्राओं संग बैठकर खाया एमडीएम, गुणवत्ता से हुए संतुष्ट


■ कन्या मध्य विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, पठन-पाठन और साफ-सफाई पर दिया जोर

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पालोजोरी (देवघर) : बच्चों को मिल रहे मिड डे मील की गुणवत्ता परखने के लिए बीडीओ पार्थ नंदन बुधवार को पालोजोरी मुख्यालय स्थित कन्या मध्य विद्यालय पहुंचे और औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने एमडीएम की पौष्टिकता और स्वाद जांचने के लिए छात्राओं के साथ पंगत में बैठकर खुद भोजन किया। भोजन की गुणवत्ता पर संतुष्टि जताते हुए उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को इसी तरह बनाए रखा जाए।

बीडीओ ने किचन में जाकर साफ-सफाई का निरीक्षण किया और एमडीएम बना रही रसोइया दीदी से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों से संवाद किया। जूनियर कक्षाओं में जाकर उन्होंने छात्राओं से फल, फूल, रंगों की पहचान को लेकर सवाल पूछे और उनके पढ़ाई के स्तर को परखा।

इस दौरान मौजूद सहायक अध्यापक राजेश कुमार साह से पठन-पाठन की व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। बीडीओ ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और अनुशासन मिले इसके लिए लगातार प्रयास किए जाएं। विद्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के समय प्रभारी बीपीआरओ सुभाष राय भी उपस्थित थे।