BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बाबा मंदिर के गर्भगृह में पुलिस की बर्बरता: जलार्पण करती महिला और कांवरियों के बाल खींचकर धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह/मंझला खंड में तैनात पुलिस जवानों के व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। मंदिर के अंदर से सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और कांवरियों के साथ धक्का-मुक्की और बाल खींचते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि:-  
1. गर्भगृह के पास अर्घा से जल चढ़ा रही एक महिला श्रद्धालु को वर्दीधारी पुलिसकर्मी पीछे से बाल पकड़कर खींच रहा है।  
2. कांवर लेकर खड़े एक युवा कांवरिया को भी पुलिसकर्मी धक्का देकर आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।  
3. भीड़ में फंसे श्रद्धालु हाथ जोड़कर विनती करते दिख रहे हैं, बावजूद इसके पुलिसकर्मी उन्हें बलपूर्वक हटाते दिख रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि श्रावणी मेले में बाबा का दर्शन और जलार्पण करने आए श्रद्धालुओं के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

श्रद्धालुओं ने सवाल उठाया है कि भीड़ नियंत्रण के नाम पर क्या महिलाओं और बुजुर्गों के साथ मारपीट जायज है? मंदिर परिसर में श्रद्धा और शांति के माहौल को पुलिस की इस कार्रवाई ने आहत किया है।

स्थानीय सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन, मंदिर प्रबंधन समिति और वरीय पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि वीडियो की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई‌ की जाए। साथ ही मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात बलों को श्रद्धालुओं से सम्मानपूर्वक व्यवहार करने का प्रशिक्षण दिया जाए।

उल्लेखनीय है कि एसपी प्रवीण पुष्कर लगातार मेले की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं और "सुरक्षित एवं सुगम जलार्पण" की बात कह रहे हैं। ऐसे में यह वीडियो पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

बहरहाल, अब आगे देखना है कि ऐसे कृत्य से विभाग का नाम धूमिल करने वाले पुलिसकर्मी पर क्या आगे कोई विभागीय कार्रवाई होगी..???