श्रावणी मेला-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, भक्तों के स्वागत को सजधजकर तैयार हुई शिवगंगा
■ साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, एनडीआरएफ की टीम रहेगी तैनात
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
बैद्यनाथधाम (देवघर) : विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
30 जुलाई से शुरू हो रहे पवित्र सावन माह में लाखों शिवभक्तों के देवघर आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले कांवरिया बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण से पहले स्थानीय शिवगंगा सरोवर में डुबकी लगाना नहीं भूलते। कांवरियों की आस्था का प्रतीक माने जाने वाले शिवगंगा की साफ-सफाई के साथ-साथ व्यापक सजावट और समुचित प्रकाश व्यवस्था की गई है।
पूरा सावन माह शिवगंगा में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरोवर के आसपास की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है।
भक्तों की सुरक्षा के मद्देनजर शिवगंगा की सीढ़ियों के चारों ओर जंजीर लगाई गई है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम को भी तैनात किया जाएगा, जो पूरे मेला अवधि के दौरान मुस्तैद रहेगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि शिवगंगा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुविधाजनक स्नान का अनुभव मिले, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।


.jpg)


