डीसी की अध्यक्षता में लगा जनता दरबार, ऑन स्पॉट कई समस्याओं का हुआ समाधान
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन, आवास, राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों की जांच कराकर जल्द समाधान किया जाएगा। जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन एवं राजस्व से संबंधित कई मामलों का ऑन स्पॉट निराकरण संबंधित विभागों द्वारा किया गया।
अंचल स्तर पर लंबित मामलों पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व उप-निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए कि:-
- अंचल कार्यालयों से जुड़े सभी मामलों का निष्पादन तय समय-सीमा के भीतर करें.
- आम जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
जनता दरबार में प्राप्त विभिन्न आवेदन और शिकायतों को सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की भौतिक जांच कर जल्द समाधान करें। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करने को कहा गया, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके।




.jpeg)

