इनर व्हील क्लब द्वारा विशेष स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
• स्तनपान शिशु का पहला टीका, सही जानकारी से ही स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण:- इनर व्हील क्लब
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर द्वारा माताओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने माताओं को स्तनपान के महत्व, इसके लाभ, सावधानियों तथा स्तनपान से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की वैज्ञानिक जानकारी दी।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. के. पल्लवी ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए सर्वोत्तम आहार होने के साथ-साथ उसका पहला प्राकृतिक टीका भी है। यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने और उसे कई संक्रमणों एवं बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्तनपान से संबंधित सामान्य समस्याओं और उनसे बचने के उपायों के बारे में भी माताओं को विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
डॉ. भारती और डॉ. अर्पिता गांधी ने भी माताओं से संवाद कर मां के दूध से होने वाले लाभ, स्तनपान के दौरान आवश्यक सावधानियों तथा महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की।
चिकित्सकों ने माताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी या भ्रम की स्थिति में स्वयं उपचार करने के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह लें।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर की अध्यक्ष डॉ. ममता किरण ने कहा कि समाज में आज भी कई पुरानी मान्यताएं और मिथक प्रचलित हैं, जिनका पालन लोग बिना वैज्ञानिक जानकारी के करते हैं। वहीं आज का युवा वर्ग सोशल मीडिया के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त करता है, लेकिन सोशल मीडिया पर उपलब्ध हर जानकारी सही और प्रमाणित नहीं होती।
उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता से ही स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण संभव है।




.jpeg)

