फूड सेफ्टी विभाग ने 44 दुकानों की जांच की, इलायची दाना का सैंपल लैब भेजा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा टीम ने शहर के भुरभुरा मोड़, नंदन पहाड़, हदहदिया पुल और बरमसिया क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार और किराना दुकानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान दिनेश नाश्ता दुकान, चरपाई रेस्टोरेंट, जीविका फास्ट फूड एंड चाट, बनारसी चाट भंडार, दीपक स्टोर, माँ लक्ष्मी मिष्ठान भंडार, शिव मिष्ठान भंडार, गोरे लाल यादव पेड़ा, संजीव स्वीट, पंकज होटल सहित कुल 44 प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
जांच के दौरान हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, खोया, पनीर, पेड़ा, लड्डू, रसगुल्ला, चटनी और पके भोजन में अखाद्य रंग और स्टार्च की मिलावट की प्राथमिक जांच की गई, जिसमें 47 सैंपल सही पाए गए। वहीं इलायची दाना का नमूना विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा गया है।
विभाग ने सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता और गुणवत्ता का पालन करने का निर्देश दिया है और कहा है कि मानकों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।






