BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दुमका के जरमुंडी में ग्राम प्रधान मूल रैयत लेखा होड़ का स्थापना दिवस मनाया गया


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

दुमका : जिले के जरमुंडी बाजार स्थित बजरंगबली यात्री शेड में ग्राम प्रधान मूल रैयत लेखा होड़ का स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरीशंकर पांडे ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष लालमोहन राय मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों ग्राम प्रधान शामिल हुए।

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ग्राम प्रधानों की नियुक्ति की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है, जबकि अंचल कार्यालय से रिपोर्ट काफी पहले ही प्राप्त हो चुकी है। इसके बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से ग्राम प्रधानों में असंतोष है। बैठक में सरकारी भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा। वक्ताओं ने कहा कि अतिक्रमण की लिखित सूचना अधिकारियों को देने के बाद भी कई मामलों में कार्रवाई नहीं होती।

बैठक में ग्राम प्रधानों ने बकाया मानदेय भुगतान की मांग उठाई। कहा कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने से आर्थिक परेशानी हो रही है। वंशावली सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम प्रधान के रहते वार्ड सदस्य और मुखिया से वंशावली सत्यापित कराकर अंचल कार्यालय में कार्य कराया जा रहा है, जो संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम की भावना के विपरीत है।

मुख्य अतिथि लालमोहन राय ने ग्राम प्रधानों से एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को रोमन राय, बटेश्वर किस्कू, कृष्ण कमल मंडल, नीलम देवी और जयंती देवी ने भी संबोधित किया।

मौके पर पुराण राय, बुधवार मंडल, हेमंत रावत, भक्ति देवी, ललिता देवी, कुंती देवी, ग्रंथि देवी, सकरी देवी, बिहारी लाल दर्वे, बिरजू मंडल, मणिकांत मंडल, अर्जुन रावत, बिंदेश्वरी दर्वे सहित सैकड़ों ग्राम प्रधान उपस्थित थे।