BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

वज्रपात के झटके से तीन बच्चियां बेहोश, भावी मुखिया प्रत्याशी ने दिखाई मानवता


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गावां/गिरिडीह। गावां प्रखंड क्षेत्र के पीहरा पश्चिमी पंचायत में सोमवार को तेज बारिश के दौरान हुए वज्रपात से तीन बच्चियां बेहोश हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीहरा पश्चिमी पंचायत के नाई टोला निवासी प्रिया कुमारी, सोनम कुमारी और करिश्मा कुमारी वज्रपात के झटके की चपेट में आने से बेहोश हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी एवं भावी मुखिया प्रत्याशी मोहम्मद आसिन उर्फ कल्लू तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए अपनी निजी गाड़ी से तीनों बच्चियों को निजी क्लिनिक पहुंचाया और उनका इलाज करवाया। समय पर उपचार मिलने से तीनों बच्चियों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

इस मानवीय पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि घटना के समय आसिन उर्फ कल्लू ने तत्परता दिखाते हुए बच्चियों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की, जिससे उन्हें समय पर इलाज मिल सका।

तड़ित चालक और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की मांग

घटना के बाद समाजसेवी मोहम्मद आसिन उर्फ कल्लू ने सरकार एवं संबंधित विभाग से ग्रामीण क्षेत्रों में वज्रपात से बचाव के लिए तड़ित चालक की व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने दुर्घटना या वज्रपात में घायल लोगों को तत्काल बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में एंबुलेंस सेवा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में वज्रपात की घटनाएं चिंता का विषय हैं। ऐसे में लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक बचाव उपकरण और आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।