पालोजोरी के सभी 145 बूथों पर लगा 02 दिवसीय विशेष शिविर,
• बीडीओ ने किया निरीक्षण
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी : चुनाव आयोग के निर्देश के आलोक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत पालोजोरी प्रखंड के सभी 145 मतदान केंद्रों में शनिवार और रविवार को 02 दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 02 दिन पहले सभी मतदान केंद्रों पर किया जा चुका है। सूची के साथ मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम भी चस्पा किए गए हैं।
विशेष शिविर में मतदाता सूची का अवलोकन कर लोग दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। साथ ही अक्टूबर में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं। फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की जानकारी भी शिविर में दी जा रही है।
पहले दिन कई बूथों पर मतदाताओं की अच्छी उपस्थिति देखी गई। दर्जनों लोगों ने सूची देखकर दावा-आपत्ति भी जमा की।
प्रभारी बीपीआरओ सुभाष राय ने बताया कि कुल कितनी दावा-आपत्तियां मिलीं इसका अंतिम आंकड़ा 02 दिवसीय शिविर के समापन के बाद ही बताया जाएगा।
विशेष शिविर के पहले दिन शनिवार को बीडीओ सह प्रभारी सीडीपीओ पार्थ नंदन ने पालोजोरी के कई बूथों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने ठेंगाडीह स्थित मतदान केंद्र और कड़रासल प्राथमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बीडीओ ने संबंधित बीएलओ को शिविर को सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शिक्षक स्नेह किशोर, बीपीआरओ सुभाष राय, तुलसी दास, बबिता देवी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
सभी 145 बूथों पर संबंधित बीएलओ शिविर में मौजूद रहकर मतदाताओं की सहायता कर रहे हैं।







