मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर कांग्रेस में शोक की लहर, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : झारखंड सरकार के नगर विकास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा मामले तथा उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' के आकस्मिक निधन पर जिला कांग्रेस में शोक की लहर है। कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन को झारखंड की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव सह जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार 'सोनू' जनसेवा के प्रति समर्पित, कर्मठ और संघर्षशील जनप्रतिनिधि थे। उनके निधन से प्रदेश ने एक सक्रिय और जनहित के प्रति प्रतिबद्ध नेता खो दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वहीं पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने भी दुख जताते हुए कहा कि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक समाचार सुनकर मन व्यथित है। उनका सरल, सहज और संवेदनशील व्यक्तित्व हमेशा स्मृतियों में जीवित रहेगा। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ हैं।
इसके अलावा प्रदेश सचिव प्रो. उदय प्रकाश, प्रदेश को-ऑर्डिनेटर मुकुंद दास, कांग्रेस नेता दिनेश कुमार मंडल सहित अन्य नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया।
शोक व्यक्त करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सभी नेता अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सरकार के मंत्री, विधायकों और समर्थकों के साथ शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू की जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।






