BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मधुपुर में धूमधाम से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस-2026


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर बाजार (देवघर) : मधुपुर महाविद्यालय सभागार में रविवार को संताल जूमिद गाँवता और आदिवासी कल्याण छात्रावास के संयुक्त तत्वावधान में विश्व आदिवासी दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री हफीजुल हसन के प्रतिनिधि शब्बीर हसन एवं झामुमो जिला सचिव दिनेश्वर किस्कू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर मंत्री प्रतिनिधि शब्बीर हसन ने आदिवासी समाज की वर्तमान स्थिति एवं घटती आबादी पर चिंता व्यक्त करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा को लेकर गंभीरता से पहल करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने सरना कोड लागू नहीं होने पर भी चिंता जताई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ रत्नाकर भारती ने आदिवासी समाज के विकास के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को नशे से दूर रहना होगा, तभी समाज का समुचित विकास संभव है।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू ने शहर में रहने वाले आदिवासी परिवारों में सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों को चिन्हित कर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की बात कही।

समारोह में आदिवासी बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पारंपरिक वेशभूषा और आदिवासी साज-सज्जा के साथ गीत एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान ‘एक तीर, एक कमान, सारे आदिवासी एक समान’ के जोरदार नारे भी लगाए गए।मौके पर संस्था के डीआर, प्रो. होरेन हांसदा, वासुदेव बेसरा, सुशील टुडू, छोटेलाल बेसरा, राजेंद्र मुर्मू, मनोज मुर्मू, सुखदेव सोरेन, चांद मरांडी, सोहन मरांडी, जयदेव हेंब्रम समेत बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के महिला, पुरुष एवं बच्चे मौजूद थे।