BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का आंदोलन 20 दिनों के लिए स्थगित, 06 अक्टूबर से फिर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी


गढ़वा। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ द्वारा 108 आपातकालीन एम्बुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर प्रस्तावित चरणबद्ध आंदोलन को 20 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में 16 सितंबर 2026 को हुई बैठक में दिए गए सकारात्मक आश्वासन के बाद लिया गया है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि बैठक में स्वास्थ्य मंत्री द्वारा कर्मचारियों की मांगों पर 15 से 20 दिनों के भीतर विचार कर समाधान करने का आश्वासन दिया गया था। इसी आश्वासन को ध्यान में रखते हुए आंदोलन को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया गया है।
संघ द्वारा राज्य के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, सिविल सर्जनों एवं अनुमंडल पदाधिकारियों को पत्र भेजकर संशोधित आंदोलन कार्यक्रम की जानकारी दी गई है तथा आवश्यक प्रशासनिक सहयोग एवं सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
हालांकि संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों का समाधान नहीं होता है तो 06 अक्टूबर 2026 से पुनः चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार— 06 से 09 अक्टूबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे।
09 अक्टूबर को सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
12 अक्टूबर को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष भिक्षाटन कार्यक्रम होगा।
14 अक्टूबर को सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
16 अक्टूबर को राज्यभर में एक दिवसीय पूर्ण हड़ताल तथा रांची स्थित NHM कार्यालय, नामकुम के समक्ष धरना-प्रदर्शन होगा।
21 अक्टूबर से मांगों के समाधान तक राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं चरणबद्ध विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।
संघ ने कहा है कि सभी आंदोलनात्मक कार्यक्रम लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से किए जाएंगे। साथ ही उम्मीद जताई गई है कि सरकार निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों का समाधान कर देगी, जिससे पुनः आंदोलन की स्थिति उत्पन्न न हो।