BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सेवा संकल्प अभियान के तहत सांसद विष्णु दयाल राम ने रक्तदान शिविर, अस्पताल में फल वितरण और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में लिया भाग


मेदिनीनगर, 18 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने विभिन्न सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान रक्तदान शिविर, अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण तथा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित कर सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से मेदिनीनगर स्थित आईएमए हॉल में आयोजित रक्तदान शिविर में सांसद विष्णु दयाल राम शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। सांसद ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके बाद सांसद ने मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचकर मरीजों के बीच फल का वितरण किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं, व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं का भी जायजा लिया।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के घर पहुंचकर दीप प्रज्वलित किया और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं शाम छह से सात बजे तक मेदिनीनगर स्थित कोयल रिवर फ्रंट के गंगा आरती घाट पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया गया।
इस अवसर पर सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के रूप में मनाना सभी के लिए प्रेरणादायी है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से जरूरतमंदों की सहायता, रक्तदान और समाजसेवा के कार्यों में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास एवं जनकल्याण के कार्यों का लाभ लोगों को मिल रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम सिंह, प्रफुल्ल सिंह, नरेंद्र पाण्डेय, विपिन बिहारी सिंह, ईश्वरी पाण्डेय, श्रवण गुप्ता, रूपा सिंह, शिव कुमार मिश्रा, जिला सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, सांसद प्रतिनिधि अविनाश कुमार सिंह, भोला पाण्डेय, सुनील तिवारी, पंकज तिवारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल गुप्ता सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने भी भाग लिया।